Veer Foundation  ·  Jind, HaryanaHonouring truth. Recognising courage.
In the news

News coverage

Coverage of the National Press Day programme and the Ram Chandra Chhatrapati Gaurav Awards.

Read the full Amar Ujala report (Hindi)
Open original e-paper page ↗

राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर 250 से अधिक पत्रकारों ने की शिरकत, पांच पत्रकारों को रामचंद्र छत्रपति गौरव अवार्ड

वीर फाउंडेशन ने जींद में आयोजित किया पत्रकार सम्मान समारोह; पत्रकारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया

जींद, 16 नवम्बर। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर वीर फाउंडेशन की ओर से जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें दिवंगत पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की स्मृति में पत्रकारों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेशभर से 250 से अधिक पत्रकारों ने शिरकत की। कार्यक्रम में चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. रामपाल सैनी मुख्य संरक्षक के रूप में शामिल हुए। जींद की एसपी उपासना मुख्य अतिथि रहीं। मुख्यमंत्री के मीडिया कॉर्डिनेटर अशोक छाबड़ा और हरियाणा सरकार के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देशभर के पांच पत्रकारों को रामचंद्र छत्रपति गौरव अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। प्रत्येक पत्रकार को अवार्ड के साथ 5,100 रुपये नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। समारोह में रामचंद्र छत्रपति के बेटे अंशुल छत्रपति ने कहा कि उनके पिता ने अपनी कलम के माध्यम से सच सामने लाने के लिए प्राण तक न्योछावर कर दिए, लेकिन अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि वीर फाउंडेशन ने उनकी स्मृति में अवार्ड शुरू किया, यह गौरव की बात है।

विशिष्ट अतिथि एसपी उपासना ने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। डिजिटल मीडिया के दौर में खबरें जल्द प्रसारित करने का दबाव है; ऐसे में तथ्यों का सत्यापन जरूरी है, क्योंकि गलत जानकारी तेजी से फैलती है और समाज पर गंभीर असर डाल सकती है। मुख्य अतिथि वीसी प्रो. रामपाल सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पत्रकारिता के महत्व को याद करने के साथ उसके दायित्वों और मूल्यों के प्रति संकल्प दोहराने का अवसर है। पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ और समाज की सजग प्रहरी है। इसका उद्देश्य केवल समाचारों का प्रसारण नहीं, बल्कि तथ्यों के माध्यम से जनहित के मुद्दों को सामने लाना, सत्ता और व्यवस्था की जवाबदेही तय करना तथा आमजन की आवाज को मंच देना है। डिजिटल मीडिया में सूचनाओं की गति बढ़ी है, लेकिन भ्रामक खबरों की चुनौती भी गंभीर हुई है; इसलिए निष्पक्षता, सत्यता और नैतिकता सर्वोपरि रहनी चाहिए।

वीर फाउंडेशन के अध्यक्ष विजेंद्र कुमार ने कहा कि पत्रकारिता समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सशक्त माध्यम है और लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकार का दायित्व निष्पक्षता, निर्भीकता और तथ्यों की प्रमाणिकता के साथ जनहित के मुद्दों को सामने लाना है। बदलते दौर की चुनौतियों के बीच विश्वसनीयता और मूल्यों को बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों के बीच एकजुटता और आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को मजबूत करना था। पत्रकारों के स्वास्थ्य की जांच के लिए निशुल्क शिविर लगाया गया, जिसमें आस संस्था ने जांच की। कार्यक्रम में कंडैला खाप के प्रधान ओमप्रकाश, माजरा खाप के प्रधान गुरविंद्र संधू और प्रवक्ता समुंद्र, नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान और उमेद जागलान तथा ढुल खाप के प्रधान हरपाल ढुल मौजूद रहे। इनके अलावा मुख्यमंत्री के मीडिया कॉर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, हरियाणा सरकार के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, आस संस्थान के डॉ. नरेश, ओम आयुर्वेदा के आचार्य विकास कुमार, एमडीडी ऑफ इंडिया के नरेंद्र शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार दीपकमल सहारण सहित अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए।

इन पांच पत्रकारों को मिला रामचंद्र छत्रपति गौरव अवार्ड

  1. लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड — के.बी. पंडित: पांच दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में योगदान के लिए सम्मानित।
  2. चाइल्ड एंड डिजिटल सेफ्टी अवार्ड — दिव्या आर्या: बीबीसी की वरिष्ठ पत्रकार को बाल सुरक्षा और डिजिटल सेफ्टी पर खोजी रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया। उनकी इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण सामग्री दिखने संबंधी पड़ताल के बाद नीतिगत बदलाव हुए।
  3. इन्वेस्टिगेशन एवं खोजी पत्रकारिता अवार्ड — मनोज कुमार: दैनिक भास्कर के स्टेट ब्यूरो पत्रकार को सीईटी परिणाम की खामियों समेत कई मुद्दों पर महत्वपूर्ण खबरों के लिए सम्मानित किया गया।
  4. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान — डॉ. नासिर कुरैशी: खबरें अभी तक के संपादक को उल्लेखनीय कार्य और उत्कृष्ट खबरों के लिए सम्मानित किया गया।
  5. इन्वेस्टिगेशन जर्नलिज्म एवं ब्रेकिंग अवार्ड — डॉ. अजय सूरा: सूचना आयुक्त और दो दशक से अधिक समय तक पत्रकार रहे डॉ. सूरा को कानूनी मुद्दों पर प्रभावशाली लेखन के लिए सम्मानित किया गया।